स्वास्थ्य विभाग जिले में बनाएगा 20 ब्लैक स्पॉट
डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए यहां 15 दिन टीम करेगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। डेंगू ने पिछले साल सुहागनगरी में हाहाकार मचाया था। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग जिले में 20 ब्लैक स्पॉट बनाएगा। इन क्षेत्रों की 15 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग लगातार मॉनिटरिंग करेगा। जिससे जनपद में डेंगू व मलेरिया न फैल सके। ब्लैक स्पॉट उन क्षेत्रों में बनाए जाएंगे जहां पिछले साल डेंगू का अधिक प्रभाव था।
जुलाई से सितंबर तक डेंगू, मलेरिया कहर बरपाता है। इसमें कई लोगों की जान चली जाती है। बीते साल सुहागनगरी कोरोना फिर डेंगू से घिरी रही थी। इस कारण पहले से ही डेंगू, मलेरिया के डंक को कमजोर करने की तैयारियां शुरू कर दी गई है। जहां डेंगू, मलेरिया के पुराने केस होंगे, वहां ब्लैक स्पॉट बनाए जाएंगे। यहां पुराने मरीजों की तलाश कर उनकी वर्तमान स्थिति दर्ज कर रिपोर्ट तैयार होगी। स्वास्थ्य विभाग उन लोगों की हर पंद्रह दिन पर जांच करेगा। घरों के आसपास दवाओं की छिड़काव कराएगा। शहर के अलावा देहात क्षेत्रों में भी ब्लैक स्पॉट बनाए जाएंगे।
बीते साल डेंगू ने ज्यादा प्रभावित किया था। ऐेसे हमारी टीमें अभी से सक्रिय हो गई हैं। पूर्व में भी हम डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में हम सर्वे करा चुके हैं। ब्लैक स्पॉट इलाके को फिर से चिह्नित करा रहे हैं। जिससे इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा सतर्कता बरती जा सके।
- डॉ. दिनेश प्रेमी, सीएमओ