फिरोजाबाद। दिल्ली समेत सात राज्यों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इन प्रांतों से आने वाले लोग जनपद के लिए मुसीबत न बन जाएं, इसलिए स्वास्थ्य विभाग फिर से अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग रेलवे स्टेशनों पर लंबे रूट की ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग कराएगा। साथ यात्रियों के कोरोना जांच के सैंपल भी लिए जाएंगे। विभाग ने स्टेशनों पर रुकने वाली ट्रेनों की सूची रेलवे के अधिकारियों से मांगी है।
जनपद में कोविड-19 संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ अधिकारियों ने बुधवार की दोपहर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इसमें अधिकारियों ने अन्य प्रांतों से आने वाले लोगों की ट्रेसिंग करने के लिए निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश, पंजाब और दिल्ली से आने वाले प्रवासियों की ट्रेसिंग करने की योजना बनाई है।
विभाग की टीमें टूंडला, फिरोजाबाद और शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर तैनात की जाएंगी। ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग कराई जाएगी। प्रवासी से संबंधित सभी जानकारी भी फीड की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे के अधिकारियों से उन ट्रेनों की सूची मांगी है, जो जनपद की सीमाओं के अंदर स्थित रेलवे स्टेशनों पर रुकती हैं। ट्रेन आने से आधा घंटा पूर्व टीम स्टेशन पर सक्रिय हो जाएंगी।
हम रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर स्क्रीनिंग कराई जाएगी। कोरोना प्रभावित इलाकों से आने वाले लोगों के सैंपल भी लिए जाएंगे। अन्य प्रदेशों में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है।
-डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ, सीएमओ।
बस स्टैंड पर भी स्क्रीनिंग शुरु कराने की तैयारी
फिरोजबाद। जनपद स्थित बस स्टैंडों पर भी स्क्रीनिंग शुरु कराने की तैयारी है। जनपद में दिल्ली से बसें आती हैं। कई प्रांतों से ट्रेन आगरा के स्टेशनों पर आती है। वहां से यात्री बसों के माध्यम से फिरोजाबाद जनपद में आते हैं।