फिरोजाबाद। वार्ड संख्या 26 और आसपास के मोहल्लों में बिजली कटौती के कारण पानी की किल्लत बढ़ गई है। बीते शनिवार की सुबह पटरी से उतरी पेयजल व्यवस्था का संकट रविवार को भी जारी रहा। लोगों को निगम के टैंकरों से पानी भरने को रात भर जगार करनी पड़ी।
शहर को गंगाजल सप्लाई का मुख्य साधन डब्ल्यूटीपी शुक्रवार को बिजली कटौती के चलते करीब आठ घंटे बंद रहा था। यही कारण रहा कि शनिवार की सुबह से शुरू हुई पेयजल किल्लत रविवार को और गहरा गई। मोहल्ला सुभाष कॉलोनी, तिलकनगर, बोद्याश्रम रोड के अलावा सरस्वतीनगर, कौशल्या नगर एवं कबीर नगर के लोगों को पानी के लिए रातभर जगार करनी पड़ी। निगम ने शुक्रवार और शनिवार को इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए मात्र दस टैंकर भेजे।
लोग रात में बाल्टी और ड्रम आदि में पानी भरकर लाते दिखाई दिए। एई जलकल फरहत अली ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पानी नहीं आने की शिकायत मिली थी वहां टैंकर से आपूर्ति कराई गई है। रविवार को ज्यादातर टंकियों को भरा जा रहा है। सोमवार सुबह से पेयजल व्यवस्था पटरी पर आने की पूरी उम्मीद है।