फिरोजाबाद। डब्ल्यूटीपी सैलई पर बिजली आपूर्ति प्रभावित होने व बिजली कटौती के कारण शनिवार सुबह शहर में पेयजलापूर्ति प्रभावित रही। शहर के आठ से अधिक मोहल्लाें के घरों में सुबह पानी नहीं पहुंचा। लोगों को जलापूर्ति के लिए टैंकर मंगाने पड़े।
शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे से रात करीब 10 तक रैपुरा फीडर पर लाइन मरम्मत का काम चला। लाइन मरम्मत के कारण डब्ल्यूटीपी सैलई पर करीब 10 घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली आपूर्ति के अभाव में प्लांट से शहर की टंकियों में पानी नहीं पहुंचा। इसका असर शनिवार को दिखा। शनिवार की सुबह की पाली में मोहल्ला कौशल्यानगर, कैलाश नगर, तिलकनगर, कोटला रोड, करन सिंह का नगला, सरस्वती नगर और जलेसर रोड के घरों में पानी की किल्लत रही।
वहीं त्योहार के मौके पर जलापूर्ति के लिए लोगों को निगम से टैंकर मंगाने पड़े। एक्सईएन तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि प्लांट पर शुक्रवार की रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई थी। टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर पाने के कारण कुछ मोहल्लों में पानी की किल्लत रही। शाम की पाली में पर्याप्त जलापूर्ति की कोशिश की जा रही है।