स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारे पर बैसाखी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बुधवार को अखंड पाठ साहब की समाप्ति के बाद आगरा से आए रागी जत्थे ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इसके बाद लंगर चखने के लिए गुरुद्वारे पर भक्तों की भीड़ उमड़ी।
गुरुद्वारा श्री गुरू सिंह सभा द्वारा स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारे पर बैसाखी के अवसर पर सोमवार से ही कार्यक्रम शुरू हो गए थे। सोमवार प्रात: 10 बजे अखंड पाठ साहब प्रारंभ हुआ। इसके बाद निशान साहब पर चोला चढ़ाया गया। मंगलवार सायं गुरुद्वारे में माता-बहनों ने सब्जी काटने की सेवा की। बुधवार प्रात: 10 बजे अखंड पाठ साहब का समापन हुआ। इसके बाद आगरा से आए रागी जत्थे हरजिंदर सिंह ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी सरदार हरमिंदर सिंह, सरदार करनैल सिंह ने शबद कीर्तन करके संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। गुरुद्वारे के प्रधान और सचिव हरवंश सिंह मल्होत्रा, राजेंद्र सिंह बग्गा ने बैसाखी पर्व पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत गुरुद्वारा प्रबंधक सरदार राजेंद्र सिंह मल्होत्रा ने गुरुद्वारे के आय-व्यय का ब्योरा दिया। अपराह्न एक बजे कार्यक्रम समापन के बाद संगत को लंगर बरताया गया। अखंड पाठ साहब की सेवा और निशान साहब के चोले की सेवा करने वालों ने अपना नाम गुप्त रखा। इस सारे कार्यक्रम करने में गुरुद्वारे के प्रबंधक सरदार राजेंद्र सिंह बग्गा का विशेष सहयोग रहा।