आरओबी में बढ़ रही दरार, एनएचआई कर रही हादसे का इंतजार
- फोटो : Amar ujala
चार दिन बाद भी नहीं शुरू हुआ मरम्मत कार्य
क्षतिग्रस्त आधी लेन से गुजारे जा रहे भारी वाहन
हाइवे पर टूंडला ओवरबिज में आई दरार पिछले चार दिनों से बढ़ती जा रही है। चार दिन बाद भी एनएचएआई ने अभी तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया है। इसके विपरीत क्षतिग्रस्त ब्रिज की लेन के आधे भाग से भारी वाहनों को गुजारा जा रहा है।
आगरा-फीरोजाबाद हाईवे के आगरा-फीरोजाबाद लेन पर गत शनिवार सायं वाहन गुजरने के दौरान अचानक मोटी दरार आ गई थी। पुलिस व एनएचएआई की टीम ने बैरीकेडिंग करते हुए आवागमन को फीरोजाबाद-आगरा लेन से गुजारा था। ट्रैफिक के बढ़ते दबाव के चलते एनएचएआई ने आगरा-फीरोजाबाद लेन की आधी सड़क से वाहनों को गुजारना शुरू कर दिया था।
आलम यह है कि ब्रिज में दरार के बढ़ने के साथ ही ज्वाइंट से एक गार्डर के साथ करीब एक फीट सड़क टूटकर धसक गयी है। ब्रिज के इस लेन में वाहनों के गुजरने के लिए बनाए गए दो तिहाई हिस्से में दरार है, मात्र एक तिहाई बचे हिस्से से भारी वाहनों को गुजारा जा रहा है। लगातार बढ़ रही दरार से खतरा बढ़ रहा है। अगर कोई हादसा हुआ तो पुल के नीचे लगने वाली दुकानों व ग्राहकों की जान को खतरा हो सकता है। हालांकि एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एसबी सिंह ज्वाइंट पर दरार आने को अधिक खतरा नहीं मान रहे हैं। मौके पर मौजूद एनएचएआई कर्मचारियों ने बताया कि पुल का सर्वे चल रहा है संभवत: गुुरुवार से मरम्मत कार्य शुरू हो जाएगा।