फिरोजाबाद। नगर में मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। एक दर्जन से अधिक झांकी के साथ निकाली गई शोभायात्रा का मार्ग में अनेक स्थानों पर आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा करके स्वागत किया गया। शोभायात्रा सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए गोपाल आश्रम की ओर बढ़ रही थी। मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था को पुलिस फोर्स तैनात था।
सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से मुख्य डोले की आरती उतारकर एवं हरी झंडी दिखाकर मां दुर्गा शोभायात्रा का शुभारंभ नगर विधायक मनीष असीजा एवं महापौर कामिनी राठौर ने किया। हरी झंडी मिलते ही शोभायात्रा में शामिल घोड़ों पर सवार ध्वज वाहक युवक आगे बढ़ने लगे। इसके पीछे ऊंट घोडों के साथ भगवान गणेश की झांकी चल रही थी। इसके साथ राधा-कृष्ण की झांकी, हनुमान महाराज की झांकी, मां कैलादेवी की झांकी के साथ मां दुर्गा की झांकी,काली की झांकी सहित अनेक झांकियां शामिल थीं। काफी भव्यता के सजाए गए डोले पर मां दुर्गा का स्वरूप विराजमान था।
शोभायात्रा घंटाघर चौराहा,सदर बाजार, गंज चौराहा,सिनेमा चौराहा, जलेसर रोड, बर्फखाना चौराहा, गांधीनगर चौराहा,क्लब चौराहा से होकर बाईपास रोड स्थित गोपाल आश्रम की ओर बढ़ रही थी। शोभायात्रा में मुख्य रूप से सत्यवीर गुप्ता, शिवमोहन श्रोत्रिय, प्रमोद राजपूत,हरिओम वर्मा, पीके जिंदल,कृष्ण मुरारी अग्रवाल, अजीत अग्रवाल, प्रमोद राजौरिया,समिति के राजेंद्र अग्रवाल लल्ला, राजकुमार मित्तल, सुनील टंडन, अनिल जैन पिंकी, अनिल अग्रवाल अन्नू, अजय अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, अभिषेक मित्तल चंचल, अनुग्रह् गोपाल अग्रवाल, कुनाल मित्तल, उद्यमी देवी चरन अग्रवाल,संजय मित्तल ईकरी, संजीव मित्तल,जगदीश अग्रवाल जग्गी,शैलेश अग्रवाल, पंडित विजय उपाध्याय शामिल थे।