फिरोजाबाद। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन ?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज ब्लाक संसाधन केंद्र सिविल लाइन पर किया गया। इसमें 180 छात्राओं ने भाग लिया। मार्च पास्ट के दौरान छात्राओं ने डीएम और सीडीओ को सलामी दी। इस मौके पर डीएम चंद्रविजय सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल में भी आगे रहना चाहिए। खेल से शरीर स्वस्थ रहता है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने से निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित होती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम चंद्रविजय सिंह ने ध्वजारोहण एवं शांति का प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर किया। सीडीओ नेहा जैन ने छात्राओं को खेल में भी आगे आने को कहा। बीएसए अरविंद पाठक ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। साथ ही खेल भावना के साथ खेलने की बात कही। बाद में डीएम ने सौ मीटर रेस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खेल उत्सव में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, जूडो कराटे एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। लंबी कूद, ऊंची कूद, भाला फेंक, साइकिल दौड़ प्रतियोगिता भी कराई जाएंगी। कार्यक्रम का संचालन शिवकांत पलिया ने किया। इस दौरान एबीएसए विनोद पांडेय, जितेंद्र सिंह, आनंद श्रोत्री, ओपी सिंह, यतेंद्र यादव, जया शर्मा, सीपी सिंह, विदित गुप्ता, प्रशांत, पंकज चिमनानी, अनिल कुमार, अजीत यादव आदि रहे।