68 कांच इकाइयों और 1400 परिवारों को नहीं हुई गैस की आपूर्ति
कारखानों में नहीं हुआ काम, गैस सिलिंडर के इंतजाम के लिए भटकते रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। गेल (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) ने पाइप लाइन की मरम्मत के लिए रविवार को 24 घंटे का शटडाउन लिया। इससे औद्योगिक नगरी फिरोजाबाद में 68 कांच व चूड़ी इकाइयों में उत्पादन प्रक्रिया ठप रही। इससे पांच करोड़ का कारोबार प्रभावित होने की बात कही जा रही है। वहीं इससे पीएनजी की सप्लाई भी घरों में नहीं हुई। ऐसे में लोग घरेलू गैस सिलिंडर की व्यवस्था करने के लिए भटकते रहे।
गैस पाइप लाइन में मरम्मत के कार्य के लिए गेल का शटडाउन रविवार सुबह नौ बजे से प्रभावी हो गया। इसी घोषणा पूर्व में ही गेल ने की थी। इससे फिरोजाबाद के आंतरिक इलाकों, यूपीसीडा के औद्योगिक आस्थान जलेसर रोड, नगला बरी और जाटवपुरी क्षेत्र में संचालित 68 कांच व चूड़ी इकाइयों में कामकाज ठप हो गया। गैस का प्रेशर नहीं आने के कारण सभी 68 कांच व चूड़ी इकाइयों की भट्टियां ठंडी पड़ गईं। इससे मथुरा नगर, महावीर नगर, आर्यनगर, आर्चिड ग्रीन, हनुमान रोड, जैन नगर में घरेलू श्रेणी वाले पीएनजी गैस की सप्लाई भी बाधित रही। यहां करीब 1400 घरेलू गैस के पीएनजी के उपभोक्ता हैं।
तापमान नियंत्रित करने में भी लगेगा 12 घंटे से अधिक का वक्त
कांच कारोबार से जुड़े लोगों की मानें तो कांच इकाइयों में नेचुरल गैस से एक निश्चित तापमान पर कांच को पिघला कर कांच उत्पाद बनाये जाते हैं। नेचुरल गैस की सप्लाई प्रभावित हो जाने के कारण अलग-अलग गैस फर्नेस को दोबारा उसी तापमान पर लाने के लिए 12 से 24 घंटे तक का समय लग सकता है।
नेचुरल गैस के दाम घटे
गत शनिवार को गेल इंडिया लिमिटेड ने मार्च माह के प्रथम पखवाड़ा का गैस बिल जारी कर दिए। मार्च के प्रथम बिल प्रति घनमीटर गैस के दाम 24 रुपये 15 पैसे के हिसाब से जारी किये गये हैं। ये फरवरी के द्वितीय पखवाड़ा के बिल से प्रति घनमीटर एक रुपये 35 पैसे कम हैं।
गैस सप्लाई प्रभावित होने से भट्टियों का तापमान कांच को पिघलाने लायक नहीं रहता है। भट्टियों को नुकसान न पहुुंचे इसके लिये घरेलू गैस की श्रेणी वाले कॉमर्शियल सिलेंडर लगाने पड़ते हैं। 24 घंटे शटडाउन का मतलब है कि आने वाले 24 घंटे और उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित रहेगी।
- हनुमान प्रसाद गर्ग, चैयरमेन द ग्लास सिंडिकेट
होली का पर्व के मौके पर कांच इकाइयों में काम कम रहता है। हालांकि ऑटोमेटिक कांच बोतल इकाइयों और माउथ ब्लोइंग इकाइयों में उत्पादन प्रक्रिया में निरंतरता रहती है। गैस सप्लाई प्रभावित होने से छोटी-बड़ी इकाइयों पर प्रतिदिन लाखों रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ जाता है। शटडाउन से करीब पांच करोड़ का नुकसान हुआ है।
- राजकुमार मित्तल, अध्यक्ष यूपीजीएमएस
पीएनजी की लाइन होने के कारण सिलेंडर नहीं भरवाते हैं। होली पर वैसे ही किचन का काम ज्यादा हो जाता है। अचानक गैस सप्लाई ठप हो जाने के कारण एक परिचित के यहां से गैस सिलेंडर मांग कर काम चलना पड़ा।
- रश्मि अग्रवाल सरस्वती नगर
हमने पीएनजी गैस कनेक्शन मिलने के बाद अपने दोनों गैस सिलेंडर एजेंसी पर सरेंडर कर दिए थे। पहली बार ऐसा हुआ कि गेल ने पीएनजी गैस की सप्लाई त्योहारी समय पर नहीं दी। भविष्य में गैस के लिये वैकल्पिक इंतजाम रखेंगे।
- गुंजन बंसल, विभव नगर।
गेल इंडिया की ओर से करीब 15 दिन पूर्व नोटिस जारी कर मरम्मत कार्य के चलते नेचुरल गैस की सप्लाई बाधित रहने की सूचना दे दी थी। हमारा प्रयास होगा कि निर्धारित अवधि के भीतर ही शटडाउन वापस ले लिया जाए।
- आशीष केशरवानी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, गेल इंडिया
----------------------------------------