विद्युत विभाग में संविदा पर कार्यरत लाइनमैन की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से लोगों में रोष है। परिवारीजनों ने चार दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बताते चलें कि विगत रविवार को विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते संविदा पर कार्यरत लाइनमैन देवेंद्र सिंह निवासी भगवती नगर, टूंडला की हाईटेंशन विद्युत खंभे पर कार्य करने के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने स्टेशन रोड पर जाम लगाकर वाहनों एवं बिजली कार्यालय में तोड़फोड़ की थी। हंगामे के बाद अधिकारियों ने जेई धर्मवीर सिंह, एसएसओ शीलेंद्र पौनियां को निलंबित कर दिया था। साथ ही एसडीओ मनीष कुमार, ठेकेदार निरंजन सिंह, जेई धर्मवीर सिंह और एसएसओ शीलेंद्र सिंह पौनियां के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। घटना के एक सप्ताह बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। घटना से आक्रोशित परिवारीजनों एवं अन्य ने चेतावनी दी यदि पुलिस चार दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करती तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। चेतावनी देने वालों में राकेश कुमार सिंह, हरीओम सिंह, विवेक कुमार, प्रमोद कुमार, अर्जुन सिंह, केशव सिंह, नितिन कुमार, अशोक कुमार, गीता देवी, राखी देवी, ललिता देवी, अंकिता सिंह, स्नेहलता, कुसमा देवी आदि प्रमुख हैं।