माल भाड़ा कोरीडोर के चौकीदार युवक की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। पीड़ित परिवारीजनों ने मृतक के गांव के ही दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस युवक की मौत हादसे में होना बता रही है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया।
लाइनपार क्षेत्र के गांव गुंदाऊ निवासी सोनवीर सिंह यादव पुत्र भीकम सिंह यादव माल भाड़ा कोरीडोर में चौकीदार था। शुक्रवार रात उसे गांव का ही रिंकू पुत्र सज्जन सिंह अपने साथ बुलाकर ले गया था। यहां दोनों की मुलाकात गांव के ही जागेश सिंह पुत्र मुन्नालाल से हो गई। सोनवीर रसूलपुर थाना क्षेत्र स्थित गांव बरगदपुर के समीप और रिंकू उससे चार किलो मीटर दूर तैनात था। वहीं जागेश की ड्यूटी दिन में थी, लेकिन वह ड्यूटी समाप्त करने के बाद रिंकू के पास ही रुक गया था। सुबह करीब चार बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद सोनवीर रिंकू के पास नहीं पहुंचा। खोजबीन के दौरान सोनवीर का शव बरगदपुर गांव के समीप पड़ा मिला। इसकी जानकारी पुलिस के साथ ग्रामीणों को दी गई। परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी राजेश चौधरी के साथ कोतवाल उतर, दक्षिण और रसूलपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराते हुए शव को पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक के चाचा रघुराज का आरोप है कि उसके भतीजे की हत्या की गई है। वहीं थानाध्यक्ष रसूलपुर का कहना है कि युवक की मौत मिट्टी खोदाई के दौरान जेसीबी मशीन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि उन्होंने कहा यदि तहरीर आती है तो हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।