फिरोजाबाद। दवा कारोबारी से तीन लाख रुपये की चौथ मांगने का मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद पीड़ित और उसका परिवार भयभीत है।
दक्षिण थाना क्षेत्र के हिमायूंपुर निवासी दीपक राठौर ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह मेडिकल स्टोर पर दवा की सप्लाई का कारोबार करता है। दो जुलाई को सुबह सात बजे करीब घर के अंदर कमरे में उसको बंद लिफाफे में धमकी भरा पत्र मिला। पत्र के माध्यम से तीन लाख रुपये की चौथ मांगी गई है। आरोपी द्वारा 24 घंटे का समय भी दिया गया है। इसके बाद देख लेने की धमकी मिली है।
धमकी भरा पत्र मिलने के बाद परिवार दहशत में है। पीड़ित द्वारा इसकी जानकारी दक्षिण थाना पुलिस को दी गई। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष दक्षिण बैजनाथ सिंह का कहना है कि दवा कारोबारी को धमकी भरा पत्र मिला है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।