टूंडला। आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर अलग-अलग दुर्घटनाओं में पुलिस परीक्षा देने जा रहे चार अभ्यर्थी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी जाफर निवासी 24 वर्षीय रूपेंद्र कुमार व 20 वर्षीय सुखदेव यादव शनिवार सुबह 9 बजे करीब बाइक द्वारा टूंडला के ठाकुर बीरी सिंह महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर पुलिस भर्ती परीक्षा देने आ रहे थे। वे हाईवे पर पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों अभ्यर्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दूसरी घटना आगरा हाईवे की सर्विसलेन पर हुई। ठाकुर बीरीसिंह महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली समाप्त होने पर बाइक से घर जा रहे दो अभ्यर्थियों दोपहर दो बजे करीब लोडर टेंपो ने टक्कर मार दी। क्राइस्ट द किंग इंटर काॅलेज के पास हुए हादसे में राहुल यादव निवासी गांव नगला विष्णु, एत्मादपुर, आगरा व शिवम यादव निवासी सूर्य नगर, फिरोजाबाद घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।