चंद्रवार और दतौजी में विकसित होगा नगर वन
- डीएम ने पौधरोपण अभियान की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। वर्षाकाल में वन विभाग की चंद्रवार रेंज क्षेत्र में 10 हजार हेक्टेयर भूमि पर नगर वन की स्थापना करेगा। दतौजी में भी नगर वन विभाग तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यमुना नदी से सटी 34 ग्राम पंचायतों में गंगा सेवा समिति के माध्यम से वृहद पौधरोपण अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
जिलाधिकारी रवि रंजन की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें तय हुआ कि इस वर्ष 47.39 लाख पौधों का रोपण होगा। इसमें से 24.17 लाख वन विभाग और 23.22 लाख पौधों का रोपण अन्य विभागों द्वारा किया जाएगा।
तैयारी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वन विभाग के अफसरों को आवश्यक निर्देश भी दिए। डीएफओ वींरेद्र कुमार सिंह के मुताबिक तय दतौजी और चंद्रवार क्षेत्र में 10 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में नगर वन स्थापना पर जिलाधिकारी का विशेष जोर रहा।
गड्ढा खोदाई का काम धीमा
जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक के दौरान पौधरोपण के लिए गड्ढा खोदाई का काम तेजी से पूरा कराने को कहा। पौधरोपण के लिए कई विभागों द्वारा गड्ढा खोदाई काम पूरा नहीं किए जाने की स्थिति पर डीएम ने नाराजगी भी जताई।