नोएडा में आयोजित यूपी ट्रेड फेयर 2025 में फिरोजाबाद के कांच उद्योग ने वैश्विक खरीदारों का ध्यान आकर्षित किया। विदेशी कंपनियों की रुचि से स्थानीय उद्यमियों को करोड़ों के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। इससे उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलने की संभावना है।
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। सुहाग नगरी का प्रसिद्ध कांच उद्योग अब वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। नोएडा में चल रहे यूपी ट्रेड फेयर 2025 में जिले की 45 कांच हस्तशिल्प इकाइयों की भागीदारी ने विदेशी खरीदारों का ध्यान खींचा है, जिससे स्थानीय उद्यमियों में करोड़ों के ऑर्डर मिलने की उम्मीद जगी है।
25 से 29 सितंबर तक आयोजित इस मेले का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इसमें एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) की 20 इकाइयां और प्रमुख कांच निर्यातक शामिल हैं। मेले के शुरुआती दिनों में ही यूरोपियन देशों जैसे फ्रांस, जर्मनी, जापान और ब्रिटेन के खरीदारों ने फिरोजाबाद के उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई और नमूनों की जांच की।
ग्लास डिजाइनर, चंद्रा ग्लास इंडस्ट्रीज, प्रबीसा ग्लास वेयर और कोरियो डेकोर जैसी प्रमुख फर्मों के स्टॉल्स पर देशी-विदेशी ग्राहकों की भीड़ देखी गई। निर्यातकों का मानना है कि यह रुझान कारोबार के लिए बेहद सकारात्मक है और उन्हें नए साल तक जापान, जर्मनी और फ्रांस जैसे देशों से बड़े ऑर्डर मिलने की पूरी उम्मीद है। जिला उद्योग विभाग के उपायुक्त संध्या सिंह और सहायक प्रबंधक संदीप कुमार ने भी स्टॉल्स का मुआयना किया और उद्यमियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मेडिकल कॉलेज में आयोजित संगोष्ठी में मंचासीन चिकित्सक। संवाद।