शिकोहाबाद में पुलिस ने सट्टा माफिया शकील मास्टर के बेटे वारिस को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। वारिस के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
- एक साथी भागने में रहा सफल, तमंचा-कारतूस एवं बाइक बरामद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। थाना पुलिस ने शुक्रवार तड़के सट्टा माफिया शकील मास्टर के बेटे वारिस को दिखतौली के पास नहर पटरी के समीप से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पैर में गोली लगी है। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, बाइक बरामद हुई है।
शुक्रवार को इंस्पेक्टर अनुज कुमार को सूचना मिली थी कि सट्टे के केस में वांछित चल रहे आरोपी वारिस निवासी रुकनपुरा अपने एक साथी के साथ बाइक से किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत महिला इंस्पेक्टर क्राइम रंजना गुप्ता एवं अन्य पुलिसकर्मियों को साथ लेकर दिखतौली के समीप चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक से आते हुए दो युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम ने बाइक सवार सट्टा माफिया को रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस टीम को देखकर तेजी से बाइक लेकर भागने लगे। अपने को घिरता देखकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वारिस के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। वारिस का पिता शकील मास्टर एक बड़ा सट्टा माफिया है, जोकि अभी फरार है। मुठभेड़ की जानकारी होते ही एसपी ग्रामीण अनुज कुमार भी मौके पर पहुंच गए। घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में दबिश दे रही है।