शनिवार रात आई आंधी ने एक बार फिर जिले की बिजली का फ्यूज उड़ा दिया। तेज आंधी आने से देहात के सभी फीडरों से सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक विद्युत पोल व तार टूट गए, जिससे ग्रामीणों को 24 घंटे से अधिक विद्युत संकट झेलना पड़ा।
शनिवार को रात्रि करीब 12 बजे तेज आंधी शुरू हुई तो जिले की विद्युत व्यवस्था गड़बड़ा गई। ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह विद्युत पोल टूट कर सड़कों, खेत खलिहानों में जा गिरे। बरगदपुर, मौड़ा, खंगरई, सराय नूरमहल, उसायनी सहित अन्य स्थानों पर दो दर्जन से अधिक पोल टूट गए। इसके साथ ही जगह-जगह एलटी लाइनें टूट गईं। टूंडला, नारखी, मटसेना, यूपीएसआईडीसी, सराय लुकमान, दरबई, मक्खनपुर, शिकोहाबाद, सिरसागंज, जसराना, फरिहा सहित ग्रामीण क्षेत्र में पांच दर्जन से अधिक फीडर ब्रेकडाउन में चले गए। रात्रि अधिक होने के कारण विद्युत विभाग देहात क्षेत्र की आपूर्ति सुचारु नहीं कर सका। विभाग द्वारा रविवार सुबह छह से बजे फीडरों को अटेंड करना शुरू किया। इसके बाद भी दोपहर तक कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को 24 घंटे से अधिक विद्युत संकट झेलना पड़ा। बिजली के अभाव में सुबह पानी भी नसीब नहीं हुआ। इसके लिए ग्रामीणों को दूर-दराज तक दौड़ लगानी पड़ी। इधर शहर में भी रात भर बिजली का संकट रहा। रात्रि में 12 से दो बजे तक शहर के सभी फीडर बंद रहे। इसके बाद भी कई क्षेत्रों में सुबह तक सप्लाई सुचारु नहीं हो सकी।
फरिहा-भदान के बीच ढाई किमी. तार काटे
जसराना बिजली घर के अंतर्गत फरिहा व भदान के बीच करीब ढाई किमी. तार चोर काट ले गए। रात अधिक होने के कारण ग्रामीणों को तार कटने के बारे में जानकारी नहीं हो सकी। सुबह तक बिजली नहीं आई जब जाकर घटना का पता चला। इस मामले में एफआईआर कराई गई है।
बूंदाबांदी से मौसम सुहावना
शनिवार की रात में और रविवार की सुबह बूंदाबांदी होने से मौसम सुहावना हो गया। शनिवार को दिन में तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था। भीषण गर्मी व उमस के कारण लोग सुबह से शाम तक खासे परेशान रहे। रात में हुई बूंदाबांदी से जरूर कुछ राहत मिली। वहीं रविवार सुबह हुई बूंदाबांदी ने मौसम कुछ देर के लिए ठीक तो हुआ लेकिन दोपहर में गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे।
रात्रि में तेज आंधी आने के कारण देहात क्षेत्र से पांच दर्जन से अधिक फीडरों पर ब्रेकडाउन हो गया था, जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है। सुबह छह बजे से ब्रेकडाउन अटेंड करना शुरू करा दिया था, दोपहर के बाद सभी फीडर नार्मल करा दिए गए हैं। कुछ गांवों विद्युत तार व पोल टूटने से आपूर्ति प्रभावित है, जिसे सुचारु करने को लगातार कार्य जारी है।
वाईपी सिंह, अधीक्षण अभियंता
आंधी में पेड़ के नीचे बैठे वृद्ध की मौत
नारखी(ब्यूरो)। आम के बाग की रखवाली करते समय आई आंधी के दौरान आम के पेड़ की डाल टूटने से बदन सिंह कुशवाह (55) पुत्र ख्यालीराम निवासी महुबल्ली थाना नारखी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शव के साथ जिला अस्पताल आए परिवारीजनों ने बताया कि वृद्ध आंधी से बचने के लिए पेड़ के नीचे चारपाई डालकर बैठ गया था।