जसराना। जमीन पर कथित अवैध कब्जों और सहकारी समितियों पर खाद-डीएपी की किल्लत से जूझ रहे किसानों का बुधवार को आखिरकार जवाब दे गया। बड़ी संख्या में किसानों ने जसराना तहसील परिसर में डेरा डाल दिया और देर रात तक धरना पर बैठे रहे। किसानों ने प्रशासन पर अनदेखी का गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे इस बार दिवाली भी तहसील परिसर में ही मनाएंगे।
किसानों ने फरिहा क्षेत्र के गांव पिपरी का मामला उठाते हुए बताया कि वहां रात करीब 12 बजे दीवार खड़ी करके जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। इसके अलावा, आजमपुर सिलौटा में भी एक किसान की जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया गया। किसानों ने निष्पक्ष जांच कराकर तुरंत पैमाइश करने और कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
इसके साथ ही, रबी बुवाई के सीजन में समितियों पर खाद और डीएपी उपलब्ध न होने के कारण किसानों के सामने खड़ी भारी परेशानी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। किसानों का कहना था कि समय पर खाद न मिलने से उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं।
थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने धरना समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। आक्रोशित किसानों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे सुबह अधिकारियों का घेराव करेंगे और तहसील परिसर में ही दिवाली मनाएंगे।
इस दौरान सुनील यादव प्रधान, डॉ. सुंदर यादव प्रधान, सौरभ यादव, हेतु गोपाल उपाध्याय, अनिल यादव, अर्जुन चौधरी, आशीष, राहुल ठाकुर, हरेंद्र यादव, निलेश कुमार, संदीप चतुर्वेदी, राहुल चतुर्वेदी, संजय और डोरी लाल लोधी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सीओ प्रेम प्रकाश पांडे का कहना है कि किसानों को समझने का प्रयास जारी है।