फिरोजाबाद के मक्खनपुर क्षेत्र के नगला तुरकिया गांव में माता रानी के आयोजन के दौरान साउंड बजाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसी ने महिला को धक्का दिया, जिससे उसकी गोद में मौजूद ढाई माह की बच्ची नीचे गिर गई; शुक्रवार सुबह बच्ची की मौत हो गई।
फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला तुरकिया में एक घर में माता की चौकी रखी गई थी, यहां पर भजन कीर्तन चल रहा था। इसी दौरान साउंड बजने को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसी ने महिला को धक्का मार दिया, जिससे उसकी गोद में मौजूद ढाई माह की मासूम बच्ची नीचे गिर गई। हादसे में बच्ची की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
विज्ञापन
मामला मक्खनपुर थाना क्षेत्र के नगला तुरकिया गांव का है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी राहुल पुत्र दयाशंकर के घर में माता की चौकी रखी गई थी। 15 अक्तूबर को दोपहर करीब दो बजे साउंड बज रहा था। आरोप है कि पड़ोसी बंटू पुत्र जसवंत सिंह साउंड बंद कराने के लिए राहुल की पत्नी मधु (23) के पास पहुंचा। इसी दौरान उसने मधु को धक्का मार दिया। इससे मधु की गोद में मौजूद ढाई माह की बेटी शानवी नीचे गिर गई। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बच्ची की मौत हो गई। जिससे परिजन में चीख पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर डायल 112 के बाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका मासूम तीन बहनों में तीसरे नंबर की थी। पिता राहुल बेलदारी कर परिवार का पालन पोषण करता है। थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा ने बताया बच्ची के शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।