प्रेम प्रसंग में दिवाली की शाम फिरोजाबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग कॉलेज के बाहर बाइक सवार दो युवकों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक की पीठ के पास लगी। आनन-फानन उसे ट्राॅमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया। युवक की पहचान कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड सुखवीर के बेटे मानवेंद्र उर्फ मोनू (18) के तौर पर हुई है।
सूचना पर सीओ सदर चंचल त्यागी और मटसैना थानाध्यक्ष विमलेश कुमार मौके पर पहुंचे और घायल युवक से घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष के अनुसार, मोनू के पिता सुखवीर ने सिकहरा निवासी मूला और खेड़ा निवासी संजय पर बेटे को गोली मारने का आरोप लगाया है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि गोली भाजयुमो के एक बड़े पदाधिकारी की लाइसेंसी रिवॉल्वर से मारी गई है। पुष्टि होने के बाद पुलिस हथियार बरामद करने और नेता से पूछताछ करने में जुटी है।
हमलावरों में एक के परिवार की युवती से मोनू की कथित नजदीकी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी कारण वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों हमलावरों के साथ दो अन्य युवक भी कॉलेज के बाहर खड़े थे। मूला ने मोनू को गोली मारी। इसके बाद चारों मौके से भाग निकले। वारदात के समय मोनू अपने पिता सुखवीर को रात का खाना देने कॉलेज जा रहा था।