फिरोजाबाद। झमाझम बारिश से सुहागनगरी तालाब में तब्दील हो गई। नई आबादी क्षेत्र में तो घंटों तक पानी भरा रहा, जिससे लोगों को पेरशानी का सामना करना पड़ा। जलकल विभाग के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। बारिश के पानी की निकासी न होने से संक्रमण रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
मंगलवार दोपहर को काली घटाएं छाने के बाद तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घंटे की मूसलाधार बारिश के बीच शहर की गलियों से लेकर सड़कों पर पानी भर गया। राहगीरों के साथ क्षेत्रीय लोगों को जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। बारिश का क्रम रुक-रुककर शाम तक चलता रहा। बारिश का पानी शहर की गलियों से पानी की निकासी आसानी से नहीं हो सकी। देर से पानी निकासी होने के कारण लोगों को पानी से होकर घरों को जाने को मजबूर होना पड़ा। आर्य नगर की सड़क और गलियों में भरे पानी की निकासी के लिए कुछ लोग नाली में एकत्रित हुए कूड़े को हटाते नजर आए। बारिश से गलियों में इतना पानी भर गया कि बच्चे भी नहाते दिखाई दिए।
मेडिकल कालेज में नहीं है पानी निकासी की व्यवस्था
मंगलवार को तेज बारिश के बीच मेडिकल कालेज (जिला अस्पताल) परिसर में पानी भर गया, जिसकी निकासी के लिए कोई व्यवस्था न तो स्वास्थ्य विभाग ने की और न ही जलकल विभाग ने। ऐसे में मरीज और तीमारदारों को पानी के बीच से होकर गुजरने को विवश होना पड़ा।
सर्विस रोड का नाला भी है मुसीबत
सर्विस रोड का नाला भी राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। नाला बंद होने के कारण बारिश का पानी तेजी के साथ नहीं निकल पाता, जिस कारण सर्विस रोड पर काफी देर तक जलभराव रहता है, जिससे मेडिकल संचालकों के साथ राहगीरों को दिक्कत होती है।
इन क्षेत्रों से जलकल विभाग कराता है पानी की निकासी
महादेवनगर, श्रीपाल कालोनी, झील की पुलिया, कृष्णानगर, अंबेनगर, एसएन हॉस्पिटल, रसूलपुर थाने के सामने, कश्मीरीगेट, आनंद नगर, आसफाबाद टूटी पुलिया, चंद्रवार गेट, नगला पचिया, लेबर कालोनी, छारबाग, हिमायूंपुर, कोटला रोड, चंद्रवार गेट एवं पेमेश्वर गेट रेलवे पुल सहित कई इलाके शामिल हैं।
इन क्षेत्रों के लिए मुसीबत साबित होती है बारिश
बघेल कालोनी, गंगानगर, नगला पान सहाय नई आबादी, ककरुऊ नई आबादी, पैमेश्वरगेट की पुलिया के साथ अन्य मोहल्ले ऐसे है। जहां से जलकल विभाग पानी की निकासी नहीं कराता। पानी की निकासी न होने से राहगिरों के साथ क्षेत्रीय लोगों को दिक्कत होती है।