फिरोजाबाद। थाना नगला खंगर क्षेत्र के गदोखर चौराहा के पास पैदल घर लौटते युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। परिजन में कोहराम मच गया। हादसा होते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया।
नगला फतेह थाना नगला खंगर निवासी धर्मेंद्र (40) राजमिस्त्री था। वह बुधवार देरशाम को गदोखर से काम करके पैदल अपने घर लौट रहा था। वह गदोखर चौराहा के पास पहुंचा ही था, तभी पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और मौके से भाग खड़ा हुआ। राहगीरों ने तत्काल जानकारी परिजन को दी। पुलिस ने धर्मेंद्र को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज भेजा। सीएचसी पर चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण करके धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह दो बेटा और एक बेटी के अलावा पत्नी लडैता को रोता- बिलखता छोड़ गया है। महिलाओं की चीखपुकार मची हुई थी। वहीं, सिरसागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले की जांच की जा रही है।