फिरोजाबाद। शहर के थाना उत्तर क्षेत्र के गांधी नगर गली नंबर 1 में बृहस्पतिवार देर शाम विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका मयूरी अग्रवाल (29) पत्नी पीयूष अग्रवाल निवासी गांधी नगर गली नंबर-1 ने घर के अंदर फंदा लगा लिया। मृतका के पति कोटला चुंगी पर कॉस्मेटिक्स की दुकान चलाता है। पुलिस के मुताबिक, मृतका का मायका बिहार में है और दोनों की शादी इसी वर्ष 8 फरवरी को हुई थी।मृतका के पति पीयूष अग्रवाल द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को भी बुलवा लिया गया। मृतका के मायके के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई और पंचनामा प्रक्रिया पूरी की जाएगी।