फोटो 14 सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक से जैन मंदिर तक निर्माणाधीन 2-लेन उपरिगामी सेतु का निरीक्
फिरोजाबाद। सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक/जैन मंदिर तक निर्माणाधीन दो-लेन उपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) के निर्माण में लेटलतीफी पर बृहस्पतिवार को डीएम संतोष कुमार शर्मा ने निरीक्षण कर अधिकारियों को फटकार लगाई। अक्तूबर अंत तक फ्लाईओवर शुरू करने की समय-सीमा को बढ़ाकर अब नवंबर अंत तक किया गया है।
निरीक्षण में उप परियोजना प्रबंधक (सेतु निगम) ने बताया कि 1291.69 मीटर लंबे फ्लाईओवर को 29 मार्च 2025 को प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी, जिसकी मूल लागत 7269.78 लाख है। वर्तमान में 98 प्रतिशत भौतिक और 92 प्रतिशत वित्तीय प्रगति हो चुकी है। समस्त फाउंडेशन, सब-स्ट्रक्चर, डेक व बॉक्स गर्डर का काम पूरा हो चुका है। सर्विस रोड के लिए तकनीकी बिड 16 अक्टूबर 2026 को खोली जा चुकी है। डीएम ने बुधवार को मजदूर के गिरने की घटना पर नाराजगी जताते हुए श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण देने के निर्देश दिए।
आईआईटी टीम से कराया जाएगा सर्वे
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि काम की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आईआईटी या किसी मान्यता प्राप्त थर्ड पार्टी से अनिवार्य रूप से टेस्टिंग कराई जाए। शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता व मानकों के अनुरूप अक्टूबर 2026 के अंत तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि नवंबर 2026 के अंत तक इस उपरिगामी सेतु को आम जनमानस के आवागमन के लिए चालू किया जा सके।
- परियोजना का 98 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। गुणवत्ता जांच के लिए आईआईटी टीम से सर्वे कराया जाएगा। - संतोष कुमार शर्मा, डीएम