फिरोजाबाद। थाना उत्तर के सामने बस स्टैंड के पास पारिवारिक कलह के चलते एक बहू ने सरेआम बीच सड़क पर अपने ससुर की पिटाई कर दी। करीब 20 से 25 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बहू ने आरोप लगाया कि ससुर ने उसकी रिश्तेदारी में बुराई की थी, जिससे उसे अपमान सहना पड़ा और उसका घर बिगड़ने की कगार पर आ गया। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पारिवारिक विवाद होने के कारण दोनों पक्ष सुलह कर वापस लौट गए।