फोटो-26 सिरसागंज क्षेत्र में खाद की दुकानों पर चेकिंग करते जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान
- फोटो : स्रोत : फाइल फोटो
फिरोजाबाद। सिरसागंज तहसील क्षेत्र में उर्वरक की दुकानों पर सघन छापेमारी की गई। इसमें खामी मिलने पर जिला कृषि अधिकारी ने पांच दुकानदारों को नोटिस देने के साथ तीन दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि इसमें लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने सिरसागंज तहसील क्षेत्र में उर्वरक की दुकानों पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान प्रताप खाद भंडार कठफोरी,श्री राधाकृष्ण खाद एवं बीज भंडार सिरसागंज से दो खाद के नमूने लिए गए। दुकानों पर रेट स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं करने,स्टॉक एवं विक्रय पंजिका आद्यतन न रखने एवं सही प्रकार से सूचनाओं को नहीं भरने के कारण कृषक सेवा केंद्र कठफोरी,प्रशांत ट्रेडर्स सराय मुरलीधर,राधाकृष्ण खाद व बीज भंडार सिरसागंज,आरएस खाद भंडार कठफोरी को नोटिस जारी किया है। प्रताप खाद भंडार पर बिना ईपॉश मशीन के खाद बिक्री करने व प्रबल खाद भंडार का स्टॉक दूसरी दुकान में रखने एवं स्टॉक बिक्री रजिस्टर नहीं पाए जाने के कारण बघेल खाद भंडार कठफोरी की दुकान बंद पाए जाने के कारण तीनों के लाइसेंस को निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने किसानों से कहा कि जिले में यूरिया एवं डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। खाद विक्रेताओं से कहा कि वह दुकानों के बाहर स्टॉक,खाद की रेट अवश्य लिखें वहीं ई पॉश मशीन से खाद की बिक्री करें। कोई खामी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि जिले में 17685 मीट्रिक टन यूरिया, 6886 मीट्रिक टन डीएपी एवं 3421 मीट्रिक टन एनपीके, एमओपी 5361 मीट्रिक टन,एसएसपी 1951 मीट्रिक टन उपलब्ध है। जिले में शीघ्र ही यूरिया की रैक लगने वाली है। उर्वरक की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। किसी प्रकार की दिक्कत होने पर जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 9084557126 पर सूचना दे सकते हैं।