फिरोजाबाद। आसफाबाद 220 केवी बिजलीघर के पास शांतिनगर में रविवार दोपहर एक दो मंजिला मकान के ऊपर से गुजर रही 220 केवी की हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन की चपेट में आने से चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। बच्चे छत पर कबूतर उड़ा रहे थे। उन्होंने लोहे का सरिया उठाया तो करंट उतर आया और पल भर में मकान और आसपास के इलाके में फैल गया। क्षेत्र के 25 से अधिक घरों में करंट दौड़ने से बिजली के मीटर और पंखे-टीवी जैसे उपकरण तेज धमाके के साथ फुंक गए जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। शांतिनगर निवासी नारायण सिंह शंखवार के मकान की छत पर उनकी बेटी संजना (16), नीतू उर्फ जाह्नवी (13), बेटा राजन (8) और साढ़ू का बेटा ऋषभ (9) कबूतर उड़ा रहे थे। इसी दौरान बच्चों ने छत पर रखा करीब आठ फीट लंबा लोहे का सरिया उठा लिया। यह सरिया मकान के ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन के दायरे (मैग्नेटिक रेंज) में आ गया। इसके तुरंत बाद तेज धमाके के साथ घर का बिजली मीटर फट गया और आग लग गई। करंट की चपेट में आकर चारों बच्चे झुलस गए। गंभीर अवस्था में सभी को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टर राहुल जैन के अनुसार, सभी बच्चे करीब 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही शहर विधायक मनीष असीजा, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय खेड़ा, एक्सईएन अर्जुन सिंह और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। विधायक ने घायलों का हाल जाना और लेखपाल को बुलाकर नुकसान का आकलन कराते हुए पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
वर्जन
220 केवी की ट्रांसमिशन लाइन अपने निर्धारित मानकों के अनुरूप है। नियमों के अनुसार, ट्रांसमिशन लाइन की निर्धारित रेंज (दायरे) में मकान नहीं बनाए जाने चाहिए। बच्चे लाइन की निर्धारित दूरी के दायरे में आ गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ है।
- विजय खेड़ा, अधीक्षण अभियंता, शहरी फिरोजाबाद
फोटो 56 घर में करंट दौड़ने के बाद बच्चे को लेकर घर के बाहर खड़ा युवक। संवाद
फोटो 56 घर में करंट दौड़ने के बाद बच्चे को लेकर घर के बाहर खड़ा युवक। संवाद
फोटो 56 घर में करंट दौड़ने के बाद बच्चे को लेकर घर के बाहर खड़ा युवक। संवाद