शिकोहाबादफोटो-17-मृतका मानसी उर्फ तृप्ति का फाइल फोटो। सोर्स सोशल मीडिया
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। मोहल्ला धोबी गली में एक महिला की मौत हो गई। परिजन ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेज दिया है। मृतका के भाई के थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी है।
मानसी उर्फ तृप्ति निवासी रतनपुर थाना पनकी कानपुर का विवाह गत वर्ष 22 नवंबर को आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत सचिन उर्फ सन्नी निवासी धोबी गली कटरा मीरा शिकोहाबाद के साथ हुआ था। वह अपने पति के साथ आगरा रह रही थी। ससुरालीजन का कहना है कि सोमवार को वह छत से नीचे गिर गई। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके बाद मृतका का पति शव को लेकर शिकोहाबाद अपने घर आया। घटना की जानकारी मिलने मृतका का भाई शुभम अपने रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंच गया।
मृतका के भाई का आरोप है कि ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के रूप में कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर मृतका को प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे तंग आकर उसकी बहन छत से कूद गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेज दिया है। इंस्पेक्टर क्राइम का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद