फिरोजाबाद। चूड़ी व्यापार की आड़ में ठगी की रकम को ठिकाने लगाने वाले एक बदमाश को थाना उत्तर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। समन्वय पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की कड़ियां जोड़कर संयुक्त टीम रसूलपुर थाना क्षेत्र के शीशग्राम स्थित गली नंबर-1 निवासी आरोपी इरफान तक पहुंची। इरफान देश के अलग-अलग राज्यों में की गई ठगी की रकम अपने खातों में मंगाता था और अपना कमीशन काटकर ठगों तक पहुंचा देता था। गिरफ्तार आरोपी से आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक और चेकबुक बरामद की गई है।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद के अनुसार, एचडीएफसी बैंक के एक खाते की जांच की जा रही थी। इस संदिग्ध खाते के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर कुल चार शिकायतें दर्ज पाई गईं। तमिलनाडु से आईं दो शिकायतों में क्रमशः 4.37 लाख और 6.13 लाख रुपये की ठगी हुई थी। ठगी की रकम में से क्रमशः 50 हजार और 65,331 रुपये इस संदिग्ध खाते में आए थे। तीसरी व चौथी शिकायतें गुजरात और तमिलनाडु से जुड़ी थीं, जिनमें 77 हजार और 50 हजार रुपये की ठगी की राशि इसी खाते में ट्रांसफर की गई थी।
संदिग्ध खाते की जांच करने पर इरफान का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने जब दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और बैंक स्टेटमेंट खंगाला तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। उसके खाते में 4 अगस्त 2025 को 3.75 लाख और 6 अगस्त 2025 को करीब 2.73 लाख रुपये आए थे, जिनमें से अधिकांश रकम एटीएम के जरिये तुरंत निकाल ली गई थी।
पूछताछ में आरोपी इरफान ने बताया कि वह चूड़ी का काम करता है। उसका दोस्त मोहम्मद फैजान, निवासी गालिब नगर/झम्मिया टोला (रसूलपुर), उसके खाते की डिटेल, एटीएम कार्ड, पिन और हस्ताक्षरित खाली चेक ले जाता था। फैजान ही खाते में ठगी की रकम डलवाता और एटीएम से निकालता था। इसके बदले वह उसे 5 से 10 प्रतिशत का कमीशन देता था। इसी कमीशन की रकम से इरफान ने एक नया मोबाइल भी खरीदा था।