शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। ट्रिपल मर्डर और वृद्धा से लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे 50 हजार के इनामी बदमाश राजू खान उर्फ धर्मेंद्र को शुक्रवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। शिकोहाबाद के पुरातन रोड पर स्थित निर्माणाधीन मकान में वह छिपा हुआ था और किसी घटना की फिराक में था। पुलिस को बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस और खून लगा पाना मिला है। वंशीनगर बुढ़रई रोड पर गत 4-5 मार्च की रात्रि घर के बाहर प्लॉट में सो रहे डीपीआरओ के सेवानिवृत चालक मुन्नालाल एवं उनकी पत्नी मिथलेश देवी के साथ लूटपाट करते हुए आरोपी ने उन्हें मरणासन्न कर दिया था। घटना के कुछ समय बाद ही दंपती की मौत हो गई थी। राजू खान तभी से फरार था। डीआईजी आगरा ने उस पर 50
हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। अभी हाल ही में कुछ दिनों पूर्व थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव मलिखानपुर नई आबादी में टावर के समीप घर के बाहर सो रही वृद्धा पूरन देवी उर्फ सूरजमुखी के साथ भी इसी बदमाश ने लूटपाट की थी। वृद्धा हमले में घायल हो गई थी और उपचार के दाैरान दम तोड़ दिया था।
शुक्रवार तड़के पुलिस एवं एसओजी की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि राजू खान निवासी रैपुरा थाना रामगढ़ हाल निवासी वीकेपुरम, शंकरगढ़ की पुलिया थाना शाहगंज आगरा शिकोहाबाद के पुरातन रोड की नोवा फैक्टरी के समीप एक निर्माणाधीन मकान में छिपा है। पुलिस एवं एसओजी की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए उसे घेर लिया। तभी बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राजू खान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उसके पास से पिस्टल, कारतूस, खून लगा हुआ पाना बरामद हुआ है। उस पर पूर्व में भी चोरी, हत्या, लूट के पांच मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी
हरवीर सिंह भी घायल हैं।कपड़े और चाल से हुई बदमाश की पहचानपुलिस ने वृद्धों पर हमला कर लूटपाट करने वाले बदमाश की तलाश में दम लगा दिया था लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरे खंगालने लगी। शिकोहाबाद से आगरा तक कैमरे खंगाले थे। जिनमें बदमाश की चाल और कपड़ों से उसकी पहचान की गई।
-वर्जन
शिकोहाबाद के डबल मर्डर एवं वृद्धा संग लूटपाट के मामले में राजू खान का नाम प्रकाश में आया था। जिस पर 50 हजार का इनाम था। मुठभेड़ में वह घायल हुआ था, जिसको चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया है। वह पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
सौरभ दीक्षित, एसएसपी, फिरोजाबाद