फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी स्वरोजगार योजना के तहत आवेदनों के निस्तारण और पात्राें को ऋण राशि हस्तांतरण में हीलाहवाली करने वाली बैंक शाखाएं प्रशासन के रडार पर हैं। ऋण वितरण में खराब प्रदर्शन वाली बैंक शाखाओं को नोटिस जारी होंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक में इस आशय के निर्देश दिए।
शासन की महत्वाकांक्षी मुख्य युवा उद्यमी योजना के तहत तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को पांच लाख रुपये की सब्सिडी युक्त ऋण उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था है। शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना में जिले की कई बैंक शाखाएं हीलाहवाली कर रहीं हैं। बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश ने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। मुख्य विकास अधिकारी ने लंबित आवेदनों के निस्तारण व पात्रता श्रेणी वाले युवाओं को ऋण हस्तांतरण में अनावश्यक देरी करने वाली शाखाओं के प्रबंधकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने संबंधित शाखाओं के लीड बैंक मैनेजरों को भी लापरवाही बैंक शाखा प्रबंधकों की रिपोर्ट बैंक मुख्यालयों को प्रेषित करने को कहा। बैठक में उपायुक्त उद्योग संध्या यादव व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।