फोटो 40 एंटी करप्शन टीम द्वारा गिरफ्तार दरोगा का निजी सहायक नितिश बैजल। स्रोतः एंटी करप्शन
- फोटो : Archive
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आगरा एंटी-करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) की टीम ने शिकोहाबाद थाने की सब्जी मंडी चौकी पर तैनात दरोगा के निजी सेवक (प्राइवेट कारिंदे) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। यह घूसखोरी दहेज हत्या के एक मामले में आरोपियों के नाम निकालने की विधिक सहायता के नाम पर हुई थी। आरोपी के पास से दरोगा की बाइक भी बरामद हुई है। दरोगा लापता है। थाना उत्तर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
गौरव कश्यप निवासी गुड़गांव, हरियाणा ने आगरा एंटी-करप्शन ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि शिकोहाबाद की सब्जी मंडी चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक (दरोगा) सौरभ गौतम उनके मामले में विधिक राहत देने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एंटी-करप्शन टीम ने कार्रवाई के लिए जाल बिछाया। बृहस्पतिवार शाम को आगरा एंटी-करप्शन की विशेष टीम ने शिकोहाबाद बस अड्डे के पास घेराबंदी की। जैसे ही दरोगा के निजी सहायक नितिश बैजल निवासी मैनपुरी चौराहा, शिकोहाबाद ने पीड़ित गौरव कश्यप से रिश्वत के 50 हजार रुपये हाथ में लिए, वैसे ही टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। टीम आरोपी को पहले शिकोहाबाद थाने लेकर गई।