कस्बा एका के एटा रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने टेंट की दुकान में लगी आग के बाद मौके पर एकत्रित भी?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/एका। कस्बा एका स्थित एटा रोड पर टेंट की दुकान और गोदाम में आग लगने से करीब 12 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। टेंट स्वामी ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया। आग की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
एका थाना क्षेत्र के गांव नगला सांवती निवासी मोनू राजपूत का कस्बा एका स्थित एटा रोड पर शहीद हेम सिंह पेट्रोल पंप के सामने टेंट की दुकान व गोदाम है। बुधवार देर शाम मोनू दुकान और गोदाम बंद कर घर चला गया था। रात करीब 11 बजे टैंट के गोदाम से आग की लपटें देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और आग पर काबू पाने के प्रयास करते हुए मोनू को सूचना दी। टेंट स्वामी परिवार के साथ मौके पर पहुंचे।
मोनू ने गोदाम और दुकान को खोला तो आग की लपटें और तेज हो गई। फायर विभाग को सूचना देने के साथ ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिए। फायर विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक क्षेत्रीय लोगों की मदद से मोनू ने आग पर काबू पा लिया। टेंट स्वामी का कहना है कि आग लगने के कारण करीब 10 से12 लाख रुपये का सामान जल गया है। एका थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। टेंट स्वामी आग लगने का कारण नहीं बता सके।