लालऊ रोड स्थित गत्ता बनाने की फैक्टरी में सोमवार शाम तक धधकता रहा गत्ता। उठता रहा धुआं।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। लालऊ रोड स्थित गत्ते के डिब्बे बनाने की फैक्टरी गोपालजी पैकर्स में रविवार शाम छह बजे लगी आग सोमवार शाम तक धधकती रही। दमकलें रविवार शाम से सोमवार सुबह तक आग बुझाने में जुटी रहीं। तड़के आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन फैक्टरी में गत्ते की मात्रा अधिक होने के कारण आग शाम तक धधकती रही। सोमवार को सांसद डा. चंद्रसेन जादौन ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बता दें कि लालऊ रोड स्थित गोपालजी पैकर्स में रविवार शाम अज्ञात कारणों आग लग गई थी। सूचना पर फैक्टरी संचालक समेत फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। आग की विकरालता देखते हुए शिकोहाबाद और टूंडला से भी गाड़ियां मंगा ली गई थी। फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां लगातार दस घंटे तक आग बुझाने को जुटी रहीं। सोमवार तड़के करीब तीन बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग से भारी नुकसान होने की आशंका है। गोपालजी पैकर्स के संचालक नुकसान के आकलन करने में जुटे हैं। फायर ब्रिगेड की गाड़ी शाम तक मौके पर तैनात रही।
पानी के लिए प्रत्येक गाड़ी को पांच से छह राउंड लगाने पड़े। एफएसओ लाखन सिंह ने बताया कि आग को मीरा ग्लास साइड में बढ़ने से रोक लिया गया अन्यथा ज्यादा हानि होती। सोमवार सुबह सांसद डॉ. चंद्रसेन जादौन, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता भी स्थिति भी जायजा लेने पहुंचे। सदर विधायक मनीष असीजा ने प्रशासन को नुकसान का पूरा आकलन करने को कहा है। सोमवार को मौके पर उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह भी पहुंचे।