टूंडला। बिना कागजी कार्रवाई के 80 हजार रुपये तक का ऋण मिलने के लालच में फंसी महिलाओं के करीब 17 लाख रुपये लेकर फाइनेंस कंपनी फरार हो गई। बुधवार शाम महिलाएं फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंची तो उनके होंश उड़ गए। मौके पर दफ्तर खुला हुआ था तथा सारा सामान व कर्मचारी गायब थे। महिलाओं के हंगामा करने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिरोजाबाद हाईवे पर गांव मोहम्मदाबाद में करीब एक पखवाड़े पूर्व मनी केयर फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम से कार्यालय खोला गया था। कंपनी बिना कागजी कार्रवाई 10 हजार से लेकर 80 हजार रुपये तक का समूह ऋण देने का दावा कर रही थी। इसका पर्चे छपवाकर गांव-गांव प्रचार प्रसार किया गया था। कंपनी ने ऋण लेने वाली महिलाओं से पांच-पांच हजार रुपये सिक्योरिटी के ताैर पर जमा कराए थे। मंगलवार तक 242 महिलाओं ने ऋण के लिए आवेदन किया था। पीड़िता ललिता देवी ने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों ने बुधवार को बैंक खाते में रुपये पहुंचने की बात कही थी।
दोपहर तक रुपये खाते में नहीं पहुंचे तब वे कार्यालय पहुंचीं। जहां कार्यालय का शटर खुला हुआ था तथा उसका फर्नीचर आदि सभी गायब था। जानकारी करने पर पता लगा कि वह तो कार्यालय बंदकर फरार हो गए। कंपनी के फरार होने एवं रुपये जाने पर महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिलाओं को समझाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। ललिता व अन्य महिलाओं ने कंपनी के अनोज कुमार सहित चार कर्मचारियों के विरुद्ध तहरीर दी है।
रोजगारपरक योजना के लालच में आ गई थीं महिलाएं
फरार हुई फाइनेंस कंपनी के झांसे में आईं महिला आशा देवी, ममता देवी, अनीता देवी, काजल देवी, सावित्री, नगीना बेगम, नूरजहां, गुड़िया देवी, विनोदी देवी, जल देवी आदि ने बताया कि कंपनी ने रोजगार के लिए बिना कागज के ऋण देने की बात कही थी। सभी महिलाएं रोजगारपरक कार्य करते हुए परिवार की आय बढ़ाना चाहतीं थीं। किस्तों के रूप में ऋण चुकाते हुए अपने पैरों पर खड़ी होना चाहती थीं। बस इसी लालच में फंस गई। समूह को ही ऋण देने की शर्त रखी थी। कंपनी 17 लाख से ज्यादा रुपये हड़प कर फरार हो गई।
अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया है। महिलाओं की तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रमोद पंवार, थाना प्रभारी, टूंडला