रेलवे कंपनी बाग खेल मैदान में खेले गए 11 वे अखिल भारतीय हरीशंकर दीक्षित मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला विविधा एकेडमी आगरा और चाहर एकेडमी आगरा के मध्य खेला गया। विविधा एकेडमी ने चाहर एकेडमी को छह विकेट से हराकर फाइनल पर कब्जा कर लिया।
चाहर एकेडमी आगरा के कप्तान राजीव लारा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम के शुरूआती खिलाड़ियों ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। मध्यक्रम लड़खड़ाया तो फिर टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। टीम ने निर्धारित 25 ओवरों में सभी विकेट खोकर 140 रन बनाए। बल्लेबाज सुभांशु ने 42, दीपक राजपूत ने 21 और रवि यादव ने 17 रनों का योगदान दिया। विविधा एकेडमी आगरा के गेंदबाज तेजेंद्र और सिद्धार्थ ने तीन-तीन और शाहरुख ने दो विकेट लिए। चाहर एकेडमी के जवाब में खेलने उतरी विविधा एकेडमी ने आतिशी बल्लेबाजी छह विकेट से मैच जीत लिया। अक्षत पांडेय ने चौके, छक्के जड़ते हुए 55 रन, मानिक ने 52 और शाहरुख ने 25 रनों का योगदान देकर मात्र 20 ओवरों में 142 रन बनाते हुए फाइनल मैच जीत लिया। चाहर एकेडमी के गेंदबाज संतोष और सोनू ने दो-दो विकेट लिए। टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने विजयी टीम को ट्रॉफी प्रदान कर बधाई दी। साथ ही उपविजेता टीम को प्रयास जारी रखने को कहा। मैन ऑफ द मैच अक्षत पांडेय को दिया गया। वहीं मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार चाहर एकेडमी के सुभांशु को दिया गया। फाइनल मैच की अंपायरिंग देवेंद्र पप्पू और संजय मेवाती ने की। इस मौके पर देवेंद्र दीक्षित, पिंटू दीक्षित, अमित दीक्षित, यथार्त दीक्षित, अजय राज दीक्षित, इंसाफ अली, अजय तिवारी, प्रबल प्रताप सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।