फिरोजाबाद। मुंबई की फिल्म निर्माता मंजू मुकेश भारती ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 1 अक्तूबर को तड़के हुई सड़क दुर्घटना को सोची-समझी साजिश बताते हुए सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने मटसैना थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा है कि यह हादसा उन्हें और उनके पति मुकेश जगदीश भारती को जान से मारने की नीयत से करवाया गया था। चर्तित फिल्म काश तुम होते की वह निर्माता रही हैं।
मलाड़, पश्चिम मुंबई निवासी मंजू भारती ने बताया कि 30 सितंबर की रात वह पति के साथ दिल्ली से लखनऊ जा रही थीं, और गाड़ी मथुरा निवासी ललित शर्मा चला रहा था। 1 अक्तूबर को सुबह करीब पांच बजे मटसैना थाना क्षेत्र में उनकी कार एक ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक ने बताया कि उसे झपकी आ गई थी।
फिल्म निर्माता ने आरोप लगाया कि उन्हें संदेह है कि यह दुर्घटना जानबूझकर की गई थी। उनके अनुसार, हादसे में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि चालक को खरोंच तक नहीं आई। पीड़िता का आरोप है कि धमकी मिलने के बाद इस दुर्घटना का होना उनकी जान लेने की कोशिश की एक साजिश है। सीओ सदर चंचल त्यागी का कहना है कि थाना मटसैना पुलिस ने मंजू भारती की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
पिछले दिनों भी मिली थी धमकी
मंजू भारती ने पुलिस को बताया कि इस संदेह का आधार यह है कि उन्हें पिछले कुछ दिनों पहले ही जान से मारने की धमकी मिली थी। इसकी सूचना उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गाजियाबाद आयुक्त द्वारा शिकायत की छानबीन करने के बाद पुलिस ने गाजियाबाद निवासी आरोपी सतेन्द्र त्यागी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि धमकी मिलने के बाद इस दुर्घटना का होना एक सोची-समझी साजिश है, जिसके तहत उनकी जान लेने की कोशिश की गई।