परीक्षा के दौरान विद्यालय का निरीक्षण करते बीएसए। स्त्रोत: विभाग
- फोटो : सांकेतिक
फिरोजाबाद। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जनपद में कक्षा 1 से 8 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं बुधवार से आरंभ हो गईं। परीक्षाओं की सख्त निगरानी की गई। बीएसए आशीष पांडेय ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया। कई विद्यालय में छात्र संख्या बेहद कम मिली। बीएसए ने प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
पहले दिन कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षाएं हुई। जबकि कक्षा 6 से 8 के छात्रों की प्रथम पाली में गृह एवं कृषि विज्ञान तथा दूसरी पाली में खेल एवं शारीरिक शिक्षा की परीक्षाएं संपन्न हुईं। सभी विद्यालयों में बच्चे उत्साह के साथ परीक्षा देने पहुंचे। एक दिन पूर्व ही बीआरसी से स्कूलों में प्रश्नपत्र पहुंचा दिए गए थे। जसराना स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला पट्टी में भी शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा आयोजित की गई।
बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय दौलतपुर नारखी का निरीक्षण किया। यहां नामांकित 121 में से 98 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कंपोजिट स्कूल में भी बीएसए निरीक्षण करने पहुंचे। वहीं कंपोजिट विद्यालय ककरऊ में 301 नामांकित छात्रों के मुकाबले केवल 186 ही उपस्थित मिले। कम उपस्थिति पर संज्ञान लेते हुए प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।