जसराना। थाना क्षेत्र के गांव आलीपुर मोहिनीपुर में शुक्रवार देर रात बीमारी से जूझ रहे एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी राइफल से पेट में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
ग्राम आलीपुर मोहिनीपुर निवासी संतोष कुमार (45) शुक्रवार की रात करीब एक बजे घर में सो रहे थे। कुछ देर बाद वह उठे और अपनी लाइसेंसी राइफल लेकर घर के बाहर बने घेर में चले गए। देर रात अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन की नींद खुल गई। बदहवास हालत में जब परिजन घेर में पहुंचे, तो वहां संतोष कुमार खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे और पास में ही उनकी राइफल पड़ी हुई थी।
परिजन ने बताया कि वह पिछले काफी समय से एक गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे, जिसका इलाज आगरा के अस्पताल से चल रहा था। बीमारी के कारण तनाव में रहते थे। गाजियाबाद में गनमैन की नौकरी करते थे। वहां से भी इसी कारण छह माह पहले वापस आ गए थे। मृतक के भाई सुनील कुमार ने बताया कि बीमारी से तंग आकर संतोष ने यह खौफनाक कदम उठाया है।
पुलिस ने कब्जे में ली राइफल, जांच जारी
सूचना पर तत्काल पहुंची जसराना थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल कब्जे में ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला गंभीर बीमारी से तंग आकर उठाए गए आत्मघाती कदम का लग रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।