जसराना। क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर सपा नेता डॉ. संजीव यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी धर्मवीर भारती व तहसीलदार अनुराग दुबे को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित गांवों में निष्पक्ष सर्वे कराकर किसानों को आर्थिक नुकसान की भरपाई और मुआवजा देने की मांग की गई है। किसानों ने कहा कि खाद, बीज और सिंचाई में भारी लागत के बाद फसलें बर्बाद होने से उनके सामने जीवन-यापन व अगली बुवाई का संकट खड़ा हो गया है।
भारतीय किसान यूनियन भानू के जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह टाईगर ने नुकसान का त्वरित आकलन कर राहत राशि देने की मांग की। तहसीलदार अनुराग दुबे ने आश्वासन दिया कि प्रभावित गांवों में सर्वे कराया जा रहा है और रिपोर्ट आते ही मुआवजा दिया जाएगा। इस दौरान सपा नेता डॉ. संजीव यादव, रामदास, अनीता देवी, हरिगोविंद सिंह, मनोज कुमार, मंजीत कुमार, उपेंद्र कुमार, सत्यप्रकाश, रवींद्र, महेश, विजय कुमार, रामपाल मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किसानों को बांटे मुआवजे के चेक
जसराना। क्षेत्र में आंधी और बारिश से फसलों को हुए नुकसान के बाद प्रशासन ने किसानों को मुआवजा देना शुरू कर दिया है। सोमवार को तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संध्या लोधी और तहसीलदार अनुराग दुबे ने किसानों को मुआवजे के चेक वितरित किए।
क्षेत्र के नगला वावन, पतारा समेत अन्य गांवों में आंधी और बारिश के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराया गया। लेखपालों ने खेतों में हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। इसी आधार पर पात्र किसानों को मुआवजा देने के लिए चेक तैयार कराए गए। सोमवार को तहसील सभागार में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को चेक सौंपे गए। तहसीलदार अनुराग दुबे ने बताया कि प्रभावित किसानों को मुआवजे के चेक वितरित किए गए हैं। जिन किसानों को किसी कारणवश चेक नहीं मिल पाए हैं, उनके खातों में नियमानुसार धनराशि भेजी जाएगी।