मृतक मदनलाल का फाइल फोटो। परिजन स्रोत
- फोटो : मृतक मदनलाल का फाइल फोटो। परिजन स्रोत
फरिहा (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के ग्राम साहूमई में शनिवार रात खेत की रखवाली करने गए 45 वर्षीय किसान मदनलाल का शव रविवार सुबह नहर की पटरी के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी तब हुई जब ग्रामीण तड़के खेतों की ओर निकले। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजन के अनुसार, मदनलाल आवारा पशुओं से गेहूं की फसल बचाने के लिए रोजाना खेत पर ही सोता था। ग्राम प्रधान संतोष यादव ने अत्यधिक सर्दी (हार्ट अटैक या हाइपोथर्मिया) से मौत होने की आशंका जताई है। मृतक अपने पीछे दो बेटों और परिवार को रोते-बिलखते छोड़ गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। संवाद