सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों ने जिला मुख्यालय के समीप पुलिस के फालोवर सहित चूड़ी कारोबारी के साथ मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।
पीड़ितों द्वारा शोरगुल किए जाने पर एकत्रित हुए लोगों को देख बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस ने घटना से इनकार किया है।
मटसेना थाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर कनैटा निवासी राजीव कुमार सोमवार रात करीब दस बजे चूड़ी के तोड़े लेकर घर आ रहा था। वह आईवे स्कूल के समीप पहुंचा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसको रोक लिया और मारपीट कर नकदी लूटकर ले गए।
इसके साथ ही सुबह करीब चार बजे टाटा मोटर्स कंपनी के शोरुम के सामने पुलिस लाइन में तैनात फालोवर जैंटर के साथ बदमाशों ने मारपीट कर तीन सौ रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित द्वारा शोरगुल किए जाने पर एकत्रित हुए लोगों को देख लुटेरे मौके से भाग गए। थानाध्यक्ष मटसेना का कहना है कि इस तरह का कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है और न ही पीड़ितों ने थाने में सूचना दी है।
यदि पीड़ित सूचना देने के साथ ही तहरीर देता है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।