टूंडला। शारदीय नवरात्र के समापन के अवसर पर टूंडला क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था गड़बड़ा गई। यमुना तलहटी क्षेत्र के 20 गांवों में बुधवार को साढ़े आठ घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जटपुरा फीडर से जुड़ी हुई है। बुधवार की सुबह ठीक 6 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रामनवमी जैसे शुभ दिन पर सुबह से ही बिजली गुल होने के कारण ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए। बिजली न होने के कारण पंप नहीं चल पाए, जिससे ग्रामीणों को न केवल दैनिक कार्यों के लिए, बल्कि नहाने और पूजा-अर्चना करने तक के लिए भी पानी के लिए भटकना पड़ा। लोगों को पेयजल की व्यवस्था करने के लिए दूर-दराज के गांवों में स्थित हैंडपंपों तक दौड़ लगानी पड़ी। दोपहर ढाई बजे के करीब बिजली बहाल हुई, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। साढ़े आठ घंटे तक लगातार बिजली बाधित रहने से गुस्साए ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया।
प्रभावित गांव
जटपुरा फीडर से आपूर्ति ठप होने के कारण बड़ा कुआ, अनवारा, नगला केसों, नगला दत्त, नगला हरिशचंद्र, गढ़ी भगवंत, जटपुरा, छांहरी, ठार हीरासिंह, ठारबल्दी, ठार गोला, बालमपुर, रसूलाबाद, ठार बसईया, गदलपुरा, ठार ककरीली, ठार ईश्वरी, ठार मान सिंह व ठार तुलसी आदि 20 गांव बुरी तरह प्रभावित हुए।
11 हजार इनकमिंग वीसीवी मशीन में फॉल्ट हो गया था। जो कर्मचारियों ने जल्द से जल्द सही कर दिया। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हरीश सोनी, अवर अभियंता विद्युत, जटपुरा फीडर