बिजली चोरी रोकने के लिए अधिकारियों ने कसबे में अभियान चलाया। टीम को देखकर दुकानों के शटर गिर गए। अधिकारियों ने लाखों रुपये राजस्व वसूलने के साथ ही तीन दर्जन से अधिक लोगाें के खिलाफ एफआईआर कराने की बात कही।
शनिवार दोपहर बारह बजे के बाद एसडीओ राजेश सुमन के नेतृत्व में टीम ने पोतपुरी तो जेई दिनेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने घिरोर रोड पर एवं सहायक अधिशाषी अभियंता योगेंद्र सिंह ने मोहल्ला बेलमपुरी में चेकिंग अभियान चलाया। इससे दुकानदारों के साथ बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। चोरी की बिजली जला रहे लोगों ने केबलों को उतार लिया। जिनके यहां कटिया डलीं थीं वह भी उतार ली गईं।
42 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की थाना जसराना में तहरीर दी है। पांच कंपाउंडिंग से विभाग को बीस हजार रुपये प्राप्त हुए। 116 के कनेक्शन काटने के साथ 21 लोगों को नए कनेक्शन दिए गए। 56 उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाया गया तो 5,35,000 का बकाया वसूला गया। जेई दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया तीन दिन बाद फिर अभियान चलाया जाएगा।