आगरा में खंडपीठ स्थापना की मांग को लेकर शनिवार को अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय के सामने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर बैठकर अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। बाद में, एसडीएम ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन लेकर अधिवक्ताओं से जाम खुलवाया।
खंडपीठ की मांग को लेकर लंबे समय से अधिवक्ता आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद शासन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। शुक्रवार को आंदोलन के तहत अधिवक्ताओं ने दौकेली के निकट ट्रेन रोकी वहीं शनिवार को अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय के समीप हाईवे जाम कर दिया। इससे पूर्व बार अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव के नेतृत्व में अधिवक्ता जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए नेशनल हाईवे पर पहुंचे।
हाईवे पर साथियों को संबोधित करते हुए महिला अधिवक्ता शीवा खां ने कहा यदि हमारी मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने के कारण मौके पर पहले से मौजूद एसडीएम ने बार एसोसिएशन फीरोजाबाद की ओर से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन लेकर जाम खुलवाया। इस दौरान उदयवीर सिंह, छत्रपाल, ब्रह्मजीत, वेदप्रकाश, सुरेश चंद्र साहू, धर्म सिंह यादव आदि मौजूद थे।