, तिलक कॉलेज में प्रवेश पत्र लेने पहुंचे छात्र। संवाद।
- फोटो : , तिलक कॉलेज में प्रवेश पत्र लेने पहुंचे छात्र। संवाद।
फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। कॉलेजों में प्रवेश पत्र कॉलेजों में वितरित किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ छात्रों को गलत विषय लिखकर भेजे जाने से परेशानी हो रही है। तिलक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट के आठ छात्रों के प्रवेश पत्र पर कला लिखा आ गया है। जबकि उन छात्रों ने कॉमर्स विषय की पढ़ाई की थी। इसी तरह जिले के चार अन्य कॉलेजों से भी डीआईओएस कार्यालय में शिकायतें मिली हैं।
कॉलेजों में शुक्रवार को छात्र-छात्राएं प्रवेश पत्र लेने पहुंचे। इधर, कॉलेजों में बोर्ड परीक्षा के लिए सीट प्लान तैयार किया जाता रहा। किस कमरे में किस शिक्षक की ड्यूटी लगाई जाएगी।
जिले में इस बार 106 केंद्रों पर 70,845 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 36,622 और इंटरमीडिएट में 34,223 विद्यार्थी शामिल हैं। हाईस्कूल में 20,031 बालक, 16,589 बालिका और 2 ट्रांसजेंडर विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट में 18,924 बालक और 15,299 बालिकाओं ने नामांकन कराया है। परीक्षा संचालन के लिए लगभग 3,200 शिक्षक ड्यूटी करेंगे।
सुरक्षा बढ़ाई गई, प्रश्न पत्र केंद्रों पर पहुंच गए
परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र समय से पहुंच गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
- प्रवेश पत्र में विषय बदलने की शिकायतें मिली हैं और सभी मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है। छात्रों को निर्देश दिया गया है कि यदि प्रवेश पत्र में त्रुटि हो तो तुरंत अपने कॉलेज प्रशासन से संपर्क करें। प्रवेश पत्र में विषय सही किए जाएंगे ताकि परीक्षा में किसी तरह की परेशानी न हो।
धीरेंद्र यादव, डीआईओएस