फिरोजाबाद। थाना दक्षिण के मोहल्ला करबला निवासी शालिनी भटनागर ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों और अन्य लोगों पर घर में घुसकर जबरन बदसलूकी और लूटपाट करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने अदालत मे प्रार्थना पत्र दिया है। एडीजे-2/डकैती विशेष सर्वेश कुमार पांडेय की कोर्ट ने इसे सुनवाई को स्वीकार करते हुए 19 फरवरी की तिथि नियत की है।
पीड़िता का आरोप है कि 27 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जब वह घर पर अकेली थी, तब चार लोग जबरन घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आए. उन्होंने अपना परिचय विद्युत विभाग के अवर अभियंता आकिम हुसैन और लाइनमैन महेश के रूप में दिया, जबकि दो अन्य व्यक्ति भी उनके साथ थे। आरोप है कि उन्होंने बदसलूकी और गाली-गलौज की। पर्स से 5,350 रुपये नकद और कुछ जरूरी दस्तावेज़ छीन लिए गए। आरोपियों ने 50 हजार रुपये की मांग की। विद्युत चोरी का झूठा आरोप लगाकर रिपोर्ट करने की धमकी दी गई। इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह थाने गई थी, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस को जांच कर 19 फरवरी को रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।