फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध 200 शैय्या अस्पताल के पास स्थित ऑक्सीजन प्लांट में एमसी बदलते समय अचानक फाल्ट हो गया। तेज चिंगारी की चपेट में आकर बिजली मिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने आनन-फानन में झुलसे मिस्त्री को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
चौकी गेट थाना रसूलपुर निवासी संजय (38) बिजली मिस्त्री का काम करता है। बुधवार को वह 200 शैया अस्पताल के समीप बने ऑक्सीजन प्लांट में विद्युत संबंधी कार्य कर रहा था। प्लांट की एमसी खराब हो गई थी। संजय ने खराब एमसी को निकालकर नई एमसी लगाने का काम किया। एमसी बदलने के बाद अचानक विद्युत फाल्ट हो गया। इससे निकली तेज चिंगारी संजय के शरीर पर जा लगी। चिंगारी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी चीख सुनकर आसपास मौजूद स्वास्थ्यकर्मी दौड़कर मौके पर पहुंचे। घटना के बाद कर्मचारियों ने उसे तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने भर्ती कर उसका उपचार शुरू कर दिया। प्रारंभिक उपचार कर चिकित्सकों ने उसे बर्न वार्ड में रेफर कर दिया। इसी ऑक्सीजन प्लांट से 100 शैया अस्पताल में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाती है।