त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को त्रुटि मुक्त करने का काम कर रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से जांची गई फिरोजाबाद की मतदाता सूची में शामिल 13,06,916 मतदाताओं में से 2 लाख 19 हजार 425 डुप्लीकेट (दोहरे) पाए गए हैं। इन सभी के नाम बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के सत्यापन के बाद सूची से हटाए जाएंगे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व विशुराजा ने बताया कि मतदाता सूची में डुप्लीकेट वोटरों की इतनी बड़ी संख्या एक विशेष एआई एप के माध्यम से पकड़ी गई है। एप ने उन वोटरों को चिह्नित किया है जिनके नाम, पिता के नाम और पते एक जैसे हैं। इतनी बड़ी संख्या सामने आने के बाद अब जिले की पांचों तहसीलों में संबंधित बीएलओ द्वारा इन सभी 2.19 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन कराया जा रहा है।