कॉशीराम कॉलोनी में लगे कैंप का निरीक्षण करते हुए एडीएम एवं अन्य अधिकारी। संवाद।
फिरोजाबाद। भारतीय किसान यूनियन (स्वतंत्र) के नेतृत्व में कांशीराम कॉलोनी के लोगों द्वारा किए गए आंदोलन ने आखिरकार रंग दिखाया। करीब एक माह बाद विद्युत विभाग ने कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है। शनिवार को किसान यूनियन और विद्युत अधिकारियों की सहमति पर कैंप लगाया। प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियाें ने अधिकाधिक बिल जमा करने का प्रयास किया। सवा आठ करोड़ रुपये के सापेक्ष 76,500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
बीते बृहस्पतिवार और शुक्रवार को किसान यूनियन स्वतंत्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरुण शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष दीपक शर्मा बॉबी के नेतृत्व में कॉलोनी के सैकड़ों निवासियों ने आंदोलन किया था। विद्युत विभाग के अधिकारियों और किसान यूनियन में सहमति बनीं थी कि उपभोक्ता बिजली का कुछ बिल जमा करेंगे।
शनिवार को कॉलोनी में बिजली विभाग द्वारा कैंप लगाया गया, जिसमें सुबह 9:30 बजे से ही बिल चेक कराने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। कैंप में एडीएम विशू राजा और नगर मजिस्ट्रेट विनय पांडेय, विद्युत विभाग के एसई संजीव कुमार निर्मल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे पहुंचे। कुल 8 करोड़ रुपये के बकाए के मुकाबले शनिवार को महज 76,500 रुपये की वसूली हो सकी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि उपभोक्ताओं को बिल जमा करने होंगे, अन्यथा फिर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कॉलोनी में बिजली का कुल बकाया करीब 8 करोड़ रुपये है। विद्युत विभाग की टीम ने उपखंड अधिकारी लेखेंद्र सिंह और अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में कॉलोनी के 100 से 125 क्वार्टर्स का भौतिक निरीक्षण किया। इसमें केवल 22 लोग ही आवंटित पाए गए, शेष लोग किसी न किसी की अनुकंपा पर रह रहे हैं। कॉलोनी में प्रतिमाह करीब ढाई लाख यूनिट बिजली की खपत हो रही है, जिससे विभाग को हर महीने लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।